केवी शिवगढ़ में कत्थक नृत्य पर हुआ कार्यशाला का आयोजन

रायबरेली। शिवगढ़ केन्द्रीय विद्यालय में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन के संयुक्त तत्वाधान में रूट्स टू रूट्स द्वारा प्रायोजित ‘कत्थक कार्यशाला’ का आयोजन किया गया।जिसमें स्व.पंडित बिरजू महाराज,स्व.पंडित अर्जुन मिश्रा, कत्थक आचार्य गुरु असीम बंधु भट्टाचार्य से शिक्षा प्राप्त प्रसिद्द कत्थक नृत्यांगना मिशा रतन विद्यालय के छात्रों से रूबरू हुआ।

विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने अतिथियों को बोंजाई देकर सम्मानित किया। मिशा रतन ने ‘कत्थक’ शब्द की व्युत्पत्ति और इस नृत्य से जुड़े विविध रोचक पक्षों की जानकारी दी। तत्पश्चात उन्होंने ‘राम वंदना’ पर भाव विभोर करने वाला नृत्य प्रस्तुत किया। आह्लादित छात्रों के साथ संवाद की प्रक्रिया में मिशा रतन ने उन्हें तीन विलंबित,मध्य और द्रुत लय में तत्कार सिखाया और हस्त मुद्रा के विभिन्न चक्करों से नृत्य की भाव भंगिमाओं से परिचित कराया।

शास्त्रीय संगीत और लोकप्रिय सिनेमा के साथ अंतर्संबंधों को मूर्त रूप से समझाने की प्रक्रिया में उन्होंने ‘बाजीराव मस्तानी’ फिल्म के लोकप्रिय नृत्य ‘मोहे रंग दे’ की आकर्षक प्रस्तुति से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विद्यालय की छात्राओं ने उनसे कत्थक नृत्य के गुर सीखे। रचनात्मक कलाओं का लखनऊ के साथ सम्बन्ध एवं अवध की समृद्ध सांसकृतिक विरासत के प्रति आदर प्रकट करते हुए उन्होंने लखनऊ का तराना पर मोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

इस कार्यशाला में उनके साथ तबला पर अनंत प्रजापति ने संगति किया। अतिथियों का परिचय विद्यालय के संगीत शिक्षक डॉ. अंजनी मिश्र ने कराया एवं संचालन सह-शैक्षणिक क्रिया-कलाप प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने किया। महेश शुक्ला आदि शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *