विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से

  • रैली से होगा अभियान का शुभारंभ, संचारी रोगों के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक
  • 17 से 31 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान, स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
  • घर-घर खोजे जाएंगे टीबी रोगी, की जाएगी स्क्रीनिंग

उपेन्द्र शर्मा/ नोएडा, 30 जून 2023। संचारी रोगों से बचाव के लिए शनिवार (एक जुलाई) से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत 17 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलेगा। अभियान के तहत मौसमी बीमारियों और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया – जनपद में संचारी रोगों से बचाव के लिए शनिवार (एक जुलाई) से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो रहा है। अभियान की शुरुआत जागरूकता रैली से की जाएगी। शनिवार को सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय/ संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली में अभियान से जुड़े विभिन्न विभाग भाग लेंगे। रैली के माध्यम से लोगों को मच्छर जनित बीमारियों और उससे बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया- अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायती राज विभाग, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, उद्यान और सूचना विभाग को शामिल किया गया है।

अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। उन्होंने बताया- इसी बीच 17 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के तहत क्षय रोगियों को भी खोजा जाएगा, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर टीबी के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी।

इसके अलावा लंबे समय से बुखार, खांसी जैसे लक्षणों वाले मरीजों के बारे में भी जानकारी लेंगी। उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जाएगा। आशा कार्यकर्ता मौसमी बीमारियों से बचाव और उसके इलाज के बारे में भी जानकारी देंगी। दस्तक अभियान के दौरान घर-घर टीबी के संभावित मरीजों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। क्षय रोग के लक्षण वाले किसी व्यक्ति की सूचना प्राप्त होने पर उस व्यक्ति का नाम पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण क्षेत्रीय एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर उपलब्ध कराएंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा- जुलाई में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मच्छर जनित रोग भी बढ़ते हैं। इसलिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपने घर व आसपास साफ सफाई रखें। अनावश्यक रूप से पानी न भरने दें। आमतौर पर बरसात में घर की छतों पर रखें गैर उपयोगी पात्रों में पानी भर जाता है, जिसमें मच्छर पनपने लगते हैं, कोशिश करें कहीं भी पानी न भरे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *