‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द पर बढ़ा विवाद, सोनिया गांधी केंद्रीय ने स्मृति ईरानी के पास जाकर की बात

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा आपत्तिजनक बयान पर राजनीति तेज हो गई है। इसको लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है और माफी की मांग कर रही है। गुरुवार को इसको लेकर लोकसभा में भारी विवाद देखने को मिला। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी केंद्रीय ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पास जाकर बात की।

दरअसल सोनिया गांधी से ईडी पूछताछ को लेकर हो रहे कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के दौरान एक निजी चैनल से बात करते हुए लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का प्रयोग किया था।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बोला हमला:

अधीर रंजन के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, “जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया। ईरानी ने कहा कि ये पूरा देश और दुनिया जानती है कि कांग्रेस महिला, आदिवासी और गरीब विरोधी है। अपने बयान के लिए अधीर रंजन और कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

वित्त मंत्री ने बताया महिला विरोधी:

वहीं राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अधीर रंजन के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए इसे महिला विरोधी बताया। उन्होंने उच्च सदन में मोर्चा संभालते हुए कहा कि अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी महिला विरोधी है और सेक्सिस्ट है। बता दें कि अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी के विरोध में BJP सांसदों ने संसद में प्रदर्शन किया और सोनिया गांधी, कांग्रेस से माफी मांगने के नारे लगाए। इस प्रदर्शन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल रहीं।

सोनिया गांधी ने किया बचाव:

जहां एक तरफ भाजपा लगातार कांग्रेस से माफी मांगने की बात कर रही है तो वहीं बढ़ते बवाल के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने अधीर रंजन का बचाव किया है। अधीर रंजन के माफी मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो पहले ही माफी मांग चुके हैं।

अधीर रंजन क्या बोले:

भाजपा द्वारा हो रहे हमले पर अधीर रंजन ने कहा कि सत्ताधारी दल तिल का ताड़ बनाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि मेरे मुंह से सिर्फ एक बार बात निकली है और चूक हुई है। इसके लिए मुझे फांसी पर लटकाना है तो लटका दो। अपनी सफाई में उन्होंने कहा कि अचानक मुंह से यह शब्द निकल गया था हालांकि उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी। चौधरी ने कहा कि मैंने पहले राष्ट्रपति कहा और साथ-साथ में राष्ट्रपत्नी शब्द निकल गया। यह चूक से निकल गया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *