जहांगीरपुरी दंगों के लिए भाजपा और आप सरकार जिम्मेदार, धार्मिक उन्माद को दे रहीं बढ़ावा : कांग्रेस

  • इलाके में शांति और भाईचारे बहाल करने के लिए बृहस्पतिवार को जंतर मंतर पर धरना देंगे पार्टी कार्यकर्ता।
  • पत्रकार वार्ता में पार्टी नेता बोले, बुलडोजर का इस्तेमाल महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए करना चाहिए।

नई दिल्ली: प्रदेश कांग्रेस ने जहांगीरपुरी दंगों के लिए भाजपा और आप सरकार जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का कहना है कि दोनों सरकारें धार्मिक उन्माद को बढ़ावा दे रही हैं। बुधवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन व पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा कि जहांगीर पुरी में शांति, सद्भाव, भाईचारा और सौहार्द बहाल करने के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में जंतर मंतर पर धरना देंगे। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ प्रवक्ता डा. नरेश कुमार व कम्युनिकेशन विभाग के उपाध्यक्ष अनुज आत्रेय भी मौजूद थे।

भारद्वाज ने कहा कि जहांगीर पुरी दंगों के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी आरोप-प्रत्यारोप में एक दूसरे के सामने खड़ी हैं। नगर निगमाें का एकीकरण हो जाने के बावजूद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के चिट्ठी लिखने पर बिना जांच बुलडोजर चलवाकर भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के आदेश पर बुलडोजर की कार्यवाही गैर कानूनी व असंवैधानिक है, जिस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरी तरह मौन हैं, जबकि क्षेत्र की जनता में खौफ बराबर बना हुआ है।

अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि सत्ताधारी भाजपा और आम आदमी पार्टी को दंगों के कारण बिगड़े माहौल के बाद सद्भाव, सौहार्द व शांति कायम रखने के लिए काम करना चाहिए। शहर के वातावरण को अच्छा बनाने की जरुरत है और अगर सुधार के लिए बुलडोजर चलाना है तो महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, प्रदूषण को खत्म करने के लिए बुलडोजर चलाना चाहिए।

डा नरेश कुमार ने कहा कि भाजपा और केजरीवाल के शासन में राजधानी का माहौल खराब हो गया है। बुलडोजर भाजपा प्रशासन का सिंबल बन गया है और केजरीवाल हिंसा पर चुप्पी साधे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *