हिंदी दिवस पर न्यू पब्लिक भवानीगढ़ में आयोजित की गई निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता

  • हिंदी ने देश को विश्व में एक नई पहचान दी है : विवेक बाजपेई

रायबरेली। हिंदी दिवस पर शिवगढ़ क्षेत्र के न्यू पब्लिक एकाडमी इण्टर कॉलेज भवानीगढ़ में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय में कक्षा एक से कक्षा 5 तक निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रबंधक विवेक बाजपेई ने कहा कि हिंदी ने भारत को विश्व में एक नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि विश्व का कोई भी देश हो जब बच्चा जन्म लेता है तो हिंदी के शब्द मां का ही उच्चारण करता है।

बाजपेई ने कहा कि हमें हिंदी पर नाज है, उन्होंने कहा कि भारत में कई भाषाएं बोली जाती हैं। कुछ के अपने साहित्य और व्याकरण भी हैं। इनमें से हिंदी देश के सबसे अधिक राज्यों में बोली जाने वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि 14 सितम्बर पूरे देश में हिंदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनूप पाण्डेय ने कहा कि देश में राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए हर साल 14 सिम्तबर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मकसद लोगों में हिन्दी भाषा के प्रति जागरूकता लाना है। वैसे तो हमारे देश में कई भाषाएं व बोलियां बोली जाती हैं। लेकिन देश में 77 फीसदी से ज्यादा लोग बोल चाल के लिए सिर्फ हिन्दी का ही इस्तेमाल करते हैं।

इसके साथ ही हिन्दी को विश्व में सबसे ज्यादा बोले जाने वाली चौथी भाषा का खिताब भी हासिल है। प्राइमरी विंग के प्रधानाचार्य अभिषेक शुक्ला ने कहाकि आजादी के बाद संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया। इसी दिन के बाद से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय का राजभाषा विभाग आधिकारिक कार्यों में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ाने की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है। इस मौके पर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनूप पाण्डेय, अनिरुद्ध वर्मा, पुष्कर शुक्ला, अवधेश मिश्रा, अन्नपूर्णा बाजपेई, जमुना प्रसाद, अंकित वर्मा, श्यामू तिवारी, प्रतिज्ञा सिंह, अर्चना सिंह, अंकिता आदि शिक्षक शिक्षिका एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *