सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान में मिले पांच नये मरीज

रिपोर्ट उपेंद्र शर्मा 

  • चार दिनों में जनपद के 4056 लोगों की हुई  स्क्रीनिंग
  • अभियान के दौरान 71 लोगों में मिले टीबी से मिलते जुलते लक्षण
  • अभियान का दूसरा चरण आज से, घर-घर खोजे जाएंगे मरीज

बुलंदशहर, 23 फरवरी 2023। जनपद में सक्रिय क्षय रोगी खोज (एसीएफ) अभियान के पहले चरण में चार दिनों में टीबी के पांच नये मरीज मिले हैं। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला जेल, गांधी विद्यालय, मदरसा, मंडी आदि स्थानों पर संभावित लोगों की स्क्रीनिंग की। लक्षणों के आधार पर 71 संभावित मरीजों के नमूने लिए गए हैं। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. हिमंत रस्तोगी ने बताया अभियान का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू होगा, जिसमें घर-घर टीबी मरीज खोजे जाएंगे।

जनपद के जिला क्षयरोग अधिकारी डा. हेमंत रस्तोगी ने बताया- जनपद में 20 फरवरी से सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। जिला जेल, गांधी विद्यालय, मदरसा, मंडी आदि स्थानों अभियान चलाकर कुल 4056 लोगों की स्क्रीनिंग की गयी। इस दौरान 71 लोग क्षय रोग से मिलते-जुलते लक्षणों वाले चिन्हित किए गए। जांच के बाद इनमें से पांच लोगों में टीबी की पुष्टि हुई है। पांचों मरीजों का उपचार शुरू करने के साथ ही उन्हें  निक्षय पोषण योजना से भी जोड़ दिया गया है। जनपद के सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच व उपचार का प्रावधान है। जनपद में यह अभियान पांच मार्च तक जारी रहेगा।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनय कुमार सिंह ने बताया अभियान का दूसरा चरण शुक्रवार (24 फरवरी) से शुरू होगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर टीबी मरीज खोजेंगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को समझाएंगी कि टीबी को छिपाएं नहीं, बल्कि लक्षणों के बारे में खुलकर बताएं। जरूरत होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी जांच कराएगी और यदि जांच में क्षय रोग की पुष्टि होती है तो तत्काल उपचार भी शुरू कराया जाएगा। नियमित उपचार के बाद क्षय रोग पूरी तरह ठीक हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *