छात्र-छात्राओं ने देखा चंदा मामा की दुनिया में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण

चंद्रयान 3 ने अंतरिक्ष की दुनिया में रचा इतिहास : सरला वर्मा

रायबरेली। बुधवार को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतारने का लाइव प्रसारण शिवगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गूढ़ा, प्राथमिक विद्यालय कोइली खेड़ा, प्राथमिक विद्यालय बारी खेड़ा, कंपोजिट विद्यालय रामपुर खास, प्राथमिक विद्यालय शिव गुलाम बाजार, प्राथमिक विद्यालय तरौंजा, प्राथमिक विद्यालय शिवली, प्राथमिक विद्यालय नेमलापुर सहित क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय में प्रोजेक्टर, लैपटॉप, एलईडी आदि संसाधनों के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को दिखाया गया। छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जाना और समझा। प्राथमिक विद्यालय कोइली खेड़ा की प्रधानाध्यापिका सरला वर्मा ने कहा कि भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में ऊंची छलांग लगाते हुए निरन्तर आगे बढ़ रहा है। इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रच दिया है। चांद की सतह पर चंद्रयान 3 के सॉफ्ट लैंडिंग करने पर सरला वर्मा के नेतृत्व में बच्चों का मुंह मीठा कराते हुए खुशी का जश्न मनाया गया। शिक्षकों ने बच्चों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों ने चांद की सतह पर राष्ट्रीय ध्वज लहराकर समूचे देश को गौरवान्वित कर दिया है।

कंपोजिट विद्यालय गूढ़ा की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अनिता ने कहाकि इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान 3 को चंद्रमा के उस हिस्से में उतारकर राष्ट्रध्वज फहरा दिया है जहां आज तक कोई देश नहीं पहुंच पाया था,यह गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि चंद्रमा की जिस सतह पर चंद्रयान 3 की लैंडिंग हुई है मुश्किलों भरी सतह थी जहां अंधेरा था। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 महाभियान की उपलब्धि भारत को चंद्रमा से आगे ले जाएगी। वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि चंद्रयान 3 के सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर पहुंचने से पूरा देश गौरवान्वित है इसरो के वैज्ञानिक बधाई के पात्र हैं। लाइव प्रसारण के समय बारिश होते हुए भी प्राथमिक विद्यालय कोइली खेड़ा में शिक्षक भूपेंद्र सिंह पटेल, प्रीति कुमारी, शिक्षामित्र आशा देवी, अमृता वर्षा, रसोइया व 60 छात्र- छात्राओं के साथ ही दर्जनों अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *