प्रियंका गांधी ने जबसे उत्तर प्रदेश की बागडोर संभाली है उत्तर प्रदेश की राजनीति बदल रही है : सुशील पासी

Report – Angad Rahi

  • प्रियंका गांधी ने वर्चुअल मीटिंग में महिलाओं,युवाओं, बुजुर्गों को किया संबोधित

शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के शिवली चौराहे पर स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर शिवली के प्रांगण में शुक्रवार को कांग्रेस की वर्चुअल सभा सम्पन्न हुई। एलईडी के माध्यम से वर्चुअल सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि एकजुट हो जाइए इतनी बड़ी ताकत है आपकी, आधी आबादी है आपकी। इतनी बड़ी शक्ति है आपकी। अपनी शक्ति को पहचानिए। एकजुट होकर वोट डालेंगी तभी आप राजनीति बदल सकती हैं। मैं नौवजवानों से कहना चाहती हूं कि आपमें आशा है, ऊर्जा है, शक्ति है उसका सही इस्तेमाल कीजिए।

आप नई राजनीति ला सकते हैं उत्तर प्रदेश में आपकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि मैं बुजुर्गों से कहना चाहती हूं कि आपने दशकों से उत्तर प्रदेश को देखा है देश में उन्नति तब होती है जब देश का भाई – भाई एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलता है। उस देश को याद कीजिए, जिस तरह पहले देश में सभी जातियों धर्मों के लोग एक साथ मिलकर आगे बढ़ रहे थे। वैसा देश फिर से पाने के लिए देश का पुनर्निर्माण कीजिए। एक ऐसी राजनीति बनाइए जिससे आपका विकास हो सके, देश का विकास हो सके, आपके हित में हो, ऐसे नेता सामने लाइए जो अपने विकास के लिए ना सोचे, अपने दोस्त उद्योगपतियों के विकास के लिए ना सोचे।

जो आपके विकास के लिए सोचे, राष्ट्र के विकास के लिए सोचे, आपके बच्चों के विकास के लिए सोचे। जो सोचे आपके बच्चों का भविष्य कैसे उज्ज्वल होगा। लोगों को रोजगार कैसे मिलेगा, किसानों के चेहरे पर प्रसन्नता कैसे आएगी। वर्चुअल मीटिंग के समापन के पश्चात मीडिया से मुखातिब होते हुए सुशील पासी ने कहा कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में एक नई राजनीति करना चाहती हैं।

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में नए चेहरों के साथ ही सामाजिक राजनीतिक संघर्ष करने वाले नौजवानों के माथे उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ा जा रहा है। अभी तक उत्तर प्रदेश की राजनीति परंपरागत तरीके से की जा रही थी जिससे कोई बदलाव नही आ रहा था। आज उत्तर प्रदेश का चुनाव इस मुद्दे पर होना चाहिए कि नौजवानों को नौकरी कैसे मिलेगी, महिलाओं को पेंशन कैसे मिलेगी। उत्तर प्रदेश की राजनीति बदल रही है, प्रियंका गांधी ने जब से उत्तर प्रदेश की बागडोर संभाली है तबसे उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव आया है। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के बछरावां कोऑर्डिनेटर मनोज यादव, शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट गौरव मिश्रा, बछरावां ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश चौधरी, महराजगंज ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि केतार पासी, जिला पंचायत सदस्य पति अनिल कुमार रावत, कृपाशंकर शुक्ला, रामशंकर शुक्ला, रामकिशोर मौर्य, रामहेत रावत, पूर्व प्रधान राम किशोर, बृजेन्द्र द्विवेदी, ममता सिंह, ज्ञानी त्रिवेदी, हरिशंकर तिवारी, संतोष वर्मा, मोहम्मद रईस, मोहम्मद इरफान, अशोक यादव, गोविंदा त्रिपाठी, आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *