मिशन शक्ति दीदी अभियान महिलाओं को बनाएगा आत्मनिर्भर
- महिला सशक्तिकरण को लेकर पंचायत भवन बैंती में आयोजित की गई जागरूकता चौपाल
शिवगढ़,रायबरेली। मिशन शक्ति दीदी अभियान के तहत सोमवार को पंचायत भवन बैंती में नारी जागरूकता एवं सशक्तिकरण को लेकर शिवगढ़ पुलिस द्वारा ग्राम चौपाल आयोजित की गई। जिसमें उपस्थित महिलाओं को महिला पुलिस कर्मी अलका सिंह ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलम्बन को लेकर जागरूक किया। अलका सिंह ने महिलाओं को वुमेन पावर 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस 108, फायर ब्रिगेड 101 की विस्तृत रूप से जानकारी दी। अलका सिंह ने बताया कि महिलाओं को सशक्त, स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन द्वारा 21 जुलाई से 30 जुलाई तक गांव-गांव मिशन शक्ति दीदी अभियान चलाया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सके, अपने हक और अधिकार की लड़ाई लड़ सके, उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए किसी के सामने हाथ ना फैलना पड़े। जागरूकता के अभाव में महिलाएं सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं से वंचित न रहे।
महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर स्वाभिमान और सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर सकें। महिला सिपाही अलका सिंह ने महिलाओं को जागरूक करते हुए उनकी समस्याएं सुनी और उनके द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को संबंधित विभाग को भेजने की बात कहते हुए समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान जनक दुलारी, पुलिसकर्मी मुकेश कुमार, मयंक कुमार, भाजपा आईटी सेल संयोजिका टीनू चंद्रा रावत, मोहन देई, रामदेई, रामरति आदि महिलाएं उपस्थित रही।

दबाव और प्रभाव में खब़र न दबेगी,न रुकेगी