रायबरेली। समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद पूनम सिंह ने रायबरेली में अपनी राजनीतिक सक्रियता का बड़ा आगाज किया है। शहर के जहानाबाद स्थित एशिया लॉन में उनके संयोजन में आयोजित सपा की पीडीए महापंचायत में हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। कार्यक्रम में पूनम सिंह की भूमिका प्रमुख रही और उन्होंने मंच से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों तथा पीडीए की भूमिका पर अपनी बात रखी।
रायबरेली सदर सीट से कई बार विधायक रहे स्वर्गीय अखिलेश सिंह की बहन पूनम सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक राजनीतिक आयोजन रहा। कार्यक्रम की संयोजक के तौर पर उन्होंने महापंचायत की तैयारियों से लेकर आयोजन तक में सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम को रायबरेली की राजनीति में पूनम सिंह की बढ़ती सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है।
महापंचायत को संबोधित करते हुए पूनम सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के गठन में पीडीए की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
पूनम सिंह के आयोजन में पार्टी के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में उनकी राजनीतिक सक्रियता और संगठन के साथ जुड़ाव विशेष रूप से नजर आया। सपा में शामिल होने के बाद रायबरेली में यह आयोजन उनके लिए पार्टी के स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सक्रिय भूमिका स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहुंचे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर राजनीति किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकारी विभागों को उद्योगपतियों को सौंपे जाने का भी आरोप लगाया और दलितों तथा ब्राह्मणों के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा, “जब तक संविधान है, तब तक हम लोग हैं।” समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कांग्रेस समेत अन्य दलों के साथ गठबंधन के संबंध में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व निर्णय करेगा। सीट शेयरिंग को लेकर भी समय आने पर फैसला किए जाने की बात उन्होंने कही।
महापंचायत के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने पूनम सिंह के आवास पर पहुंचकर भोजन किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा भी हुई।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव, जिला महासचिव एवं कार्यक्रम संचालक अरशद खान, प्रदेश सचिव शशिकान्त शर्मा, गुलशेर खान, सैयद सिद्दीकी, ओपी यादव, डीपी पाल, अखिलेश माही, राहुल निर्मल बागी, फहीम अहमद, शुभम लोहिया, डॉ. आई. जावेद, शुभम पाल, अजय यादव, योगेश्वर उर्फ कल्लू चौधरी, अज्जू खान, मो. अकील अहमद, ब्रजेंद्र चौधरी, पुतन सिंह यादव, राकेश यादव, जगदेव, सईद सिद्दीकी एडवोकेट, मुमताज अली, तौसीफ सिद्दीकी समेत पार्टी के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















