दर्दनाक हादसा : अज्ञात ट्रक ने दो सगे भाइयों को रौंदा

रिपोर्ट -दिवाकर तिवारी

खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के पाहो गांव निवासी दो सगे भाई देर रात उन्नाव जिले के अंतर्गत लखनऊ-मौरावां मार्ग पर स्थित संडौली मोड़ के पास असोहा थाना क्षेत्र की सीमा में बाइक दुर्घटना के शिकार हो गए। अज्ञात ट्रक बाइक समेत दोनों भाइयों को रौंदते हुए निकल गया। दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों मृतक भाइयों का बड़ा भाई लंबे समय से बीमार चल रहा है। दोनों मृतक भाई रोजी-रोटी चलाने के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में संविदा पर नौकरी करते थे। वहीं से वापस लौटते समय देर रात लगभग 12:30 बजे दुर्घटना हुई। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया जाएगा। परिजन शवों के आने का इंतजार कर रहे हैं। दर्दनाक हादसे से गांव में मातम छा गया है।

पाहो के सुरेंद्र प्रताप सिंह के चार पुत्र हैं। दो छोटे पुत्र सोनू सिंह 30 और रामेंद्र सिंह (मोनू) 28 लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित बीमा अस्पताल में संविदा पर नौकरी करते थे। हर शनिवार को दोनों भाई अपने गांव पाहो आते थे। इस बार किसी कारण वश अधिक देर हो जाने की वजह से रात 12:30 बजे के लगभग घर आते समय उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-मौरावां मार्ग पर स्थित संडौली मोड़ के पास एक अज्ञात ट्रक बाइक को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर असोहा थाने के अंतर्गत कालूखेड़ा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक अज्ञात ट्रक से कुचलने की वजह से दोनों भाइयों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। असोहा पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया। मृतकों के दो बड़े भाई पंकज सिंह और विक्की सिंह हैं।

पंकज सिंह की तबीयत पिछले लगभग चार महीने से खराब है। मृतक दोनों भाई ही धन अर्जित कर परिवार के सारे खर्च और अपने बड़े भाई की दवाई और इलाज में पैसे लगाते थे। मां निर्मला सिंह के अनुसार दोनों बेटों की मौत से गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हादसे में जान गवा चुके दोनों भाइयों की मौत का दर्द पूरे गांव के लोगों में दिखाई दे रहा है। सभी की आंखें गमगीन हैं। गांव में परिजन शवों के आने का इंतजार कर रहे हैं। एसएचओ आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि उन्नाव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। असोहा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *