जनपद में सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 का पहला चरण शुरू 

  •  तीन चरणों में चलेगा टीकाकरण अभियान

उपेन्द्र शर्मा/बुलंदशहर,7 अगस्त 2023। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शास्त्री नगर पर सोमवार को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 के पहले चरण का शुभारंभ हुआ। इस  अवसर पर बच्चों के अभिभावकों को प्रोत्साहित किया कि वह बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण जरूर कराएँ। जनपद में टीकाकरण से छूटे पांच वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया है।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शास्त्री नगर पर बुलंदशहर नगर पालिका चेयरमैन दीप्ति मित्तल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बच्चे को पोलियो की दवा पिलाकर सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीके सिंह ने कहा नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों का टीकाकरण करने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 का शुभारंभ हुआ है। शासन से निर्धारित तिथियां में अभियान चलाया जाएगा। शहरी क्षेत्र में टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीएमओ ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष- 5.0 जनपद में तीन चरण में चलाया जाएगा। प्रथम चरण सोमवार से शुरू हुआ। यह 12 अगस्त तक चलेगा। द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर और तृतीय चरण नौ से 14 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम के नोडल व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके जैन ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मीजल्स, विटामिन.ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मीजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी, पीसीवी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती को टीडी का टीका लगाया जाएगा।

जिले के सीमावर्ती इलाकों, ईंट भट्ठों, निर्माणाधीन साइट, दुर्गम क्षेत्रों में विशेष रूप से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया टीकाकरण से अक्सर विस्थापित परिवार छूट जाते हैं। इसमें बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग आता है। कामकाज के हिसाब से यह लोग विभिन्न प्रदेशों और शहरों में घूमते हैं। इनके बच्चों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा जिले की सीमा से सटे इलाकों में बसे लोगों के बच्चों का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया टीकाकरण के लिए प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को विशेष रूप से जिम्मेदारी दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *