आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए करना होगा अधिक से अधिक वृक्षारोपण : प्राचार्य
- केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ में प्राचार्य की अगुवाई में लगाए गए 600 पौधे
शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ प्रांगण में विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार की अगुवाई में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत 600 पौधे लगाकर स्वच्छ पर्यावरण के प्रति संदेश दिया। इस मौके पर प्राचार्य मनोज कुमार ने शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया।
जिससे प्रेरित होकर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में रोपे गए पौधों को गोद लेकर उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया। प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि जिस प्रकार से हम लोगों के पूर्वजों ने पेड़ पौधे लगाकर समाज को प्राण वायु, शीतल छाया,फल,फूलों की सौगात दी है उसी प्रकार हम सबको मिलकर आगे आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना होगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरण असंतुलन को समाप्त करने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र विकल्प है। अंधाधुंध हो रही पेड़ों की कटान से पर्यावरण असंतुलन बढ़ा है,इसके साथ ही बारिश मौसम में अनियमितता आई है। इस मौके पर उपस्थित दर्जनों छात्र छात्राओं ने अपने जन्मदिन पर हर साल पांच पेड़ लगाने का संकल्प लिया। इसी क्रम में शिक्षक राजीव तिवारी, डॉ. कमलाकांत,महेश शुक्ला, शैलेश श्रीवास्तव, ऋषि कुमार ,आकाश श्रीवास्तव ,कीर्ति साहू आदि ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला।
दबाव और प्रभाव में खब़र न दबेगी,न रुकेगी