51 feet high huge Shiva statue becomes the center of attraction

51 फीट ऊंची विशाल भव्य शिव प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

ओसाह ग्राम पंचायत के पुरबिया में स्थित है अद्भुत शिव प्रतिमा

शिवगढ़,रायबरेली :  क्षेत्र के पुरबिया मजरे ओसाह में बनी शिवजी की 51 फीट ऊंची विशाल भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के साथ ही लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है, जहाँ दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आने लगे हैं। इस अद्भुत प्रतिमा का निर्माण पूरबिया के रहने वाले मोहन सिंह द्वारा वर्ष 2023-24 में कराया गया है, प्रतिमा का निर्माण राजस्थान के मशहूर मूर्तिकार शिवकुमार सोनी द्वारा किया गया है जिसे बनाने में 9 माह का समय लगा, मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 8 मार्च 2024 को महाशिवरात्रि के दिन की गई थी। शिवजी की प्रतिमा के साथ ही नंदी की भी प्रतिमा आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। मोहन सिंह तथा उनके बेटों ने बताया कि मानव कल्याण के उद्देश्य से शिव प्रतिमा का निर्माण कराया गया है, शिवजी की कृपा से ही 51 फीट ऊंची विशाल अद्भुत प्रतिमा का निर्माण सम्भव हो पाया।

वहीं मन्दिर के बगल में शिव शक्ति वाटिका बनाई गई है जहां महाशिवरात्रि, सावन मास तथा नवरात्रि में विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु आकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। मन्दिर में सुबह शाम पूजा पाठ एवं सेवादार की जिम्मेदारी मोहन सिंह व उनकी धर्मपत्नी केश कुमारी ने स्वयं संभाल रखी है। गोविन्दपुर प्रधान एवं प्रधान संघ संरक्षक राजकुमार सिंह का कहना उनकी जानकारी में शिवगढ़ क्षेत्र ही नहीं समूचे जिले में इतनी ऊंची दूसरी शिव प्रतिमा नही है। निश्चित रूप से आगे चलकर पुरबिया ऐतिहासिक रमणीय धार्मिक स्थल बनेगा।

धार्मिक स्थल बना पुरबिया गांव

मन्दिर के संस्थापक मोहन सिंह बताते हैं कि उनका जन्म उन्नाव में हुआ था जो बचपन से ही पुरबिया में अपने नाना महिपाल सिंह के यहां रहते हैंं। उन्होंने बताया कि उनके नाना सैनिक थे जो बताया करते थे कि पूर्वी माता के नाम से ही गांव का नाम पुरबिया पड़ा था। मोहन सिंह ने बताया कि शिव मन्दिर के बगल में स्थित मां दुर्गा के मन्दिर के स्थान पर सैकड़ों वर्ष पुराना नीम का पेड़ था जिसके नीचे रखी पत्थर बटियों की पूजा पूर्वी माता के रुप में की जाती थी। नीम के पेड़ के गिरने पर पहले मां दुर्गा के भव्य मन्दिर का निर्माण कराया गया बाद में वर्ष 2010 में शिव मन्दिर का निर्माण कराया गया, श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था देख मानव कल्याण के उद्देश्य वर्ष 2023-24 में शिव मन्दिर के बगल में विशाल शिव मूर्ति का निर्माण कराया गया। उनका कहना है कि ग्रामीण सभी शुभकार्यों की शुरुआत मन्दिर में पूजा अर्चना से करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *