शिवगढ़ में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया राजीव गांधी का जन्मदिन

  • भारत में तकनीकी क्रांति राजीव गांधी की देन है : गौरव मिश्रा

शिवगढ़,रायबरेली। कांग्रेस पार्टी के शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट गौरव मिश्रा के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जन्मदिन सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। राजीव गांधी के जन्मदिन पर क्षेत्र के भवानीगढ़ स्थित ब्लॉक कार्यालय में एडवोकेट गौरव मिश्रा के नेतृत्व कांग्रेसियों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में मरीजों को फल वितरित किए।

इस मौके पर गौरव मिश्रा ने राजीव गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश को राजीव गांधी के रूप में नया प्रधानमंत्री मिला था। राजीव गांधी से देशवासियों को बड़ी उम्मीदें थी। लोगों की उम्मीदों पर राजीव गांधी खरे भी उतरे। राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में कुछ ऐसे काम किए, जिससे देश की तस्वीर और तकदीर बदल गई। उन्होंने कहा कि भारत में तकनीकी क्रांति राजीव गांधी की देन है चुनाव से पहले और चुनाव के बाद राजीव गांधी अपने भाषणों में हमेशा 21वीं सदी में तरक्की, टेक्नोलॉजी का जिक्र किया करते थे।

राजीव गांधी का मानना था कि टेक्नोलॉजी के सहारे देश में बदलाव किया जा सकता है। राजीव गांधी ने टेलीकॉम और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में सराहनीय कार्य करवाए थे। यही कारण है कि राजीव गांधी को देश में तकनीक क्रांति का बीज बोने का श्रेय जाता है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य पराग प्रसाद रावत ने कहाकि राजीव गांधी ने देश में पूरी तरह असेंबल किए हुए मदरबोर्ड और प्रोसेसर लाने की अनुमति दी थी। सरकार के इस फैसले के कारण देश में कम्प्यूटर सस्ते हुए।

राजीव गांधी के प्रयास से ही नारायण मूर्ति और अजीम प्रेमजी जैसे लोगों को विश्वस्तरीय आईटी कम्पनियां खोलने की प्रेरणा मिली। इसके साथ ही टेलीकॉम सेक्टर में भी राजीव गांधी ने क्रांति लाई थी। इस मौके पर रामकिशोर मौर्य, बृजेंद्र द्विवेदी, संतोष शुक्ला, सोमनाथ मौर्य, संजू सिंह, ममता सिंह राजेश पासवान इंडिया जायसवाल, संतोष द्विवेदी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *