रायबरेली से मेरा पारिवारिक नाता है : प्रियंका गांधी

  • राहुल गांधी को जिताने के लिए प्रियंका गांधी ने की नुक्कड़ सभाएं

शिवगढ़ (रायबरेली) रायबरेली से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी राहुल गांधी के समर्थन में प्रियंका गांधी ने क्षेत्र के लाही बॉर्डर, भवानीगढ़ चौराहा व गूढ़ा में नुक्कड़सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को भारी मतों से जिताने की अपील की। क्षेत्र के लाही बॉर्डर में नुक्कड़ सभा को संबोधित करने के बाद भवानीगढ़ में करीब 42 मिनट तक नुक्कड़सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रायबरेली से मेरा पारिवारिक नाता है यहां से मेरी दादी व मेरी मां सांसद रह चुकी हैं। देश में केवल इस समय एक ही नेता है जो सही बात बोलता है वह मेरा भाई राहुल गांधी है।

सही बात बोलने के कारण राहुल गांधी को कई बार कई मुकदमें में झेलना पड़ा,यहां तक उनकी सांसद की सदस्यता को भी रद्द करवा दिया गया, किन्तु मेरा भाई डरा नहीं हमेशा आप लोगों के हक की लड़ाई लड़ता आया है, लोगों के दुख दर्द को करीब से जानने के लिए जम्मू कश्मीर से कन्याकुमारी तक करीब 4000 किलोमीटर की लम्बी पैदल यात्रा की उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार कंपनियों का निजीकरण कर रही है। उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। धर्म के नाम पर लोगों को बांट रही है। धर्म की राजनीति कर रही है। इनसे बच के रहना है उन्होंने कहा कि मैं कुछ गारंटी लेकर आई हूं जो मैं पूरा करूंगी उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में महिलाओं को 50 प्रतिशत की भागीदारी मिलेगी, आंगनवाड़ी रसोईया आशा बहू का मानदेय डबल कर दिया जाएगा। खेती में प्रयोग किए जाने वाले सभी उत्पादों को जीएसटी मुक्त कर दिया जाएगा। कर्ज माफी के लिए स्थाई आयोग बनाया जाएगा, न्यूनतम समर्थन मूल्य आपका अधिकार बन जाएगा। देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं और 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं जिन्हे भरकर नौजवानों को नौकरी दी जाएगी, 5000 करोड़ का फण्ड बनाया जाएगा जिससे देश के बेरोजगारों को रोजगार मिल सकेंगे। गरीब स्नातक परिवार के छात्रों के लिए सालाना 1लाख दिया जाएगा, परिवार की बड़ी महिला को 1लाख साल में दिया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह रही कि 42 मिनट के अपने भाषण में प्रियंका गांधी ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह का एक बार भी नाम नहीं लिया उन्होंने कहा कि आपकी पार्टी का प्रत्याशी आपके बीच है अपने विकास के लिए कांग्रेस पार्टी को वोट देकर राहुल गांधी को भारी मतों से विजय बनाना है। वहीं गूढ़ा में नुक्कड़सभा को संबोधित करते हुए कहाकि इस क्षेत्र में हमेशा राजनीतिक चेतना,जागरुकता और देश के लिए जो भावना है देखने को मिली है, आपने पूरे देश को दिशा दिखाने का काम किया है।

जब आपको लगा कि राजनीति सही नहीं चल रही है तब आपने समर्थन दिया। जब आपको लगा कुछ गलती हो रही है तो उसे सुधरवाया भी। देश में राजनीति का जो आधार है जो नीव है आपकी रखी हुई है। यहां से बड़े-बड़े नेता उभरे हैं, पंडित जवाहरलाल नेहरू, फिरोज गांधी, इन्दिरा गांधी, सोनिया गांधी ये सब इसी क्षेत्र से उभरे हैं। आपके दम पर हमने हमेशा रायबरेली अमेठी से मजबूती से लोकतंत्र की लड़ाई लड़ी है। किंतु आज देश में हो क्या रहा है हर स्तर पर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।

भाजपा के उम्मीदवार देश भर में जा रहे हैं और कह रहे हैं कि इन्हें 400 सीटे मिल गई तो अगले 5 साल में संविधान को बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान वह चीज है जिसके लिए आजादी की लड़ाई लड़ी गई, संविधान वह है जिससे आपको आपका अधिकार मिलता है, संविधान ने आपको वह ताकत दी है यदि कोई नेता सही तरीके से काम नहीं करता तो अपनी वोट की ताकत से उसे बदल सकते हो,संविधान आपको आरक्षण देता है जिससे आपको मजबूती मिलती है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशान चाहते हुए कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हुई, पिता राजीव गांधी देश के लिए शहीद हुए जिन्हे नरेंद्र मोदी ने अपमानित करने का काम किया है। इस सरकार में जब महिलाओं पर अत्याचार होते हैं तो सरकार अपराधियों को बचाने का काम करती है।

इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील पासी, सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र सिंह, सपा विधायक श्यामसुन्दर भारती,कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष गौरव मिश्रा, दिनेश यादव, जिला पंचायत सदस्य अंजली पासी, गिरजेश श्रीवास्तव, पप्पू रावत,आशीष त्रिवेदी, सपा ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रताप पटेल, पराग प्रसाद रावत, रामूरावत रावत सही सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *