Navratri 2024: Muslim prisoners observed Navratri fast in UP jail, devotees gathered in Devi temples; photos

Navratri 2024: यूपी की जेल में मुस्लिम बंदियों ने रखा नवरात्र व्रत, देवी मंदिरों में उमड़े भक्त; तस्वीरें

श्री डेस्क : शारदीय नवरात्र बृहस्पतिवार से शुरू हो गए। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा की जाती है। प्रथम आराध्या देवी माता शैलपुत्री हैं। नवरात्र पर बरेली से लेकर लखीमपुर खीरी तक आस्था का उल्लास देखा जा रहा है। भक्तों ने पहले दिन घट स्थापना के साथ माता शैलपुत्री की विधि विधान से पूजा की। लखीमपुर खीरी की जिला जेल में 205 बंदियों ने नवरात्र व्रत रखा है। तीन मुस्लिम बंदी भी मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। जेल में नवरात्र को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। माता के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो गए। भक्तों ने फूल, लाल चूनर आदि सामग्री से देवी मां की पूजा-अर्चना की।

लखीमपुर खीरी जिला जेल के अधीक्षक पीडी सलौनिया ने बताया कि 190 पुरुष और 12 महिला बंदियों ने नवरात्र व्रत रखा है। इसके लिए पूजन सामग्री आदि की व्यवस्था कर ली गई। बंदियों के फलाहार का इंतजाम भी किया गया। फलाहार में आलू, केला, दूध और चीनी शामिल है।

बरेली के देवी मंदिरों में सुबह पांच बजे से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। शहर के कालीबाड़ी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर में देवी मां की महाआरती हुई। साहूकारा स्थित नौ दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही।

शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। घर-घर कलश स्थापना की गई। शहर के अलावा कस्बों और गांवों के दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। देवी मंदिरों में पूजा करने के लिए भक्तों के आने का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा।

नवरात्र को लेकर बाजार में बुधवार को श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। पूजन सामग्री के साथ फलाहार खरीदा गया। नवरात्र में महंगाई का असर भी दिख रहा है। कुट्टू का आटा 120 रुपये किलो बिक रहा है। सेब 100 से 120 रुपये प्रति किलो तो केला 50 से 70 रुपये दर्जन बिक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *