सपा के सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं सम्मानित

  • सक्रिय कार्यकर्ताओं को ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल ने दिया सक्रिय कार्यकर्ता का सर्टिफिकेट
  • जब छुटटा मवेशियों से फसल ही नहीं बचेगी तो कैसे होगी किसानों की आय दूनी : भानु प्रकाश पटेल

शिवगढ़,रायबरेली। समाजवादी पार्टी के सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सपा कार्यकर्ताओं को शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष ने सक्रिय कार्यकर्ता का सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। गौरतलब हो कि समाजवादी पार्टी के शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता संत प्रसाद उर्फ पप्पू यादव, रामगुलाम पासी, रामनरेश यादव, सर्वजीत वर्मा,अमर सिंह उर्फ बबलू, अरविंद यादव, पवन कुमार मौर्य, रमेश कुमार, राजकुमार लोधी, पूर्व खजुरों प्रधान संतोष कुमार, मनीराम आदि सपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सदस्यता अभियान में तन्मयता पूर्वक कार्य करते हुए सैकड़ों लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाकर पार्टी के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का निर्वाहन किया।

जिनकी पार्टी के प्रति समर्पण की भावना को देखते हुए मंगलवार को समाजवादी पार्टी के शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल ने भवानीगढ़ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी में रीड की हड्डी की तरह काम करते हैं। कार्यकर्ताओं के बिना पार्टी का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जितने सक्रिय कार्यकर्ता होंगे पार्टी उतनी मजबूत और सक्रिय होगी।

उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तन्मयता पूर्वक लग जाए और डोर टू डोर जाकर लोगों को सपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल से जनता त्रस्त हो चुकी है, भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है। जनता अब भली-भांति समझ चुकी है कि भाजपा गरीब एवं मध्यम वर्गीय जनता का खून चूसकर उद्योगपतियों की झोली भरने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि अगर अच्छी और साफ-सुथरी सरकार बनाना है तो भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा। पटेल ने कहा कि भाजपा शासनकाल में किसान की सबसे ज्यादा दुर्दशा है किसान दिनभर खेतों में खून पसीना बहाता है और रात में रतजगा करके फसलों की रखवाली करता है। दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद,छुट्टा मवेशियों से फसल बचाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने का ढिंढोरा पीटते हैं लेकिन सरकार बताएं की किसानों की आय दूनी कैसे होगी। जब छुट्टा मवेशियों से फसल ही नहीं बचेगी तो किसानों की आय दूनी कैसे होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *