जयंती पर सुभाष चंद्र बोस को किया याद

रायबरेली। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती जिले में धूमधाम से मनाई गई। भारत माता के अमर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित कर जय हिंद के नारे लगाए गए। स्कूलों और स्वयंसेवी संगठनों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम हुए।

शहर के सिविल लाइन चौराहे पर भारत विकास परिषद तथा ऑटो यूनियन की ओर से कार्यक्रम हुए। नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। राम मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी का प्रतिमा सिविल लाइन चौराहे पर लगी थी, लेकिन सौंदर्यीकरण के चक्कर में उसे हटा दिया गया और अभी तक नई प्रतिमा नहीं लगाई गई। इस मामले में न जनप्रतिनिधि संजीदा हैं और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कदम उठाया। कार्यक्रम के दौरान सड़क पर लोगों को मिठाई बांटी गई।

बच्चों ने निकाली सुभाष चेतना शोभा यात्रा
लालगंज (रायबरेली)। बैसवारा चेतना संघ की ओर से बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य में सुभाष चेतना शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में नगर के कई विद्यालयों के बच्चे शामिल हुए। यात्रा नगर के बैसवारा इंटर कॉलेज के निकट से शुरू हुई। मेन रोड, गुरबक्शगंज चौराहा, सब्जी मंडी, गांधी चौराहा, बेहटा चौराहा, आचार्य नगर होते हुए बैसवारा इंटर कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान राष्ट्रीय गीतों और बच्चों की ओर से लगाए गए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

समिति की ओर से पूर्व सैनिक शिवशंकर सिंह को सुभाष स्मृति सेनानी सम्मान, सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर अतुल सिंह को विवेकानंद युवा प्रतिभा सम्मान व ताइक्वांडो खिलाड़ी पूनम यादव को रानी लक्ष्मी बाई सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर बैजनाथ विश्वकर्मा व संचालन सुरेश आचार्य ने किया। संयोजक प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह मुन्ना ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, पर्यावरण विद डॉ. एमडी सिंह, पवन सिंह, अवनेंद्र सिंह, विश्वास बहादुर सिंह, आशीष प्रताप सिंह, अनंत विजय सिंह, उधम जायसवाल, शीतला प्रसाद मौजूद रहे।

बच्चों ने बनाई मानव शृंखला
रायबरेली। इंदिरा गांंधी राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवायोजना इकाई ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मानव शृंखला बनाई। प्राचार्य प्रो. सुषमा देवी ने सड़क सुरक्षा नियमों और सड़क दुर्घटना के समय अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। संचालन शिखा मौर्या ने किया। राजकीय इंटर कॉलेज में भी छात्र-छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर शपथ ली। इस अवसर पर डॉ. प्रीती तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, शालिनी कनौजिया, डॉ. उत्तम कुमार शुक्ल, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. राम दर्शन, प्रियंका, डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. सलोनी भसीन, डॉ. स्वर्णिमा जायसवाल, गौसिया नायाब, शशांक सिंह, रामकरन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *