बन्दर से बचने के प्रयास में जीने से नीचे गिरी छात्रा जख्मी
शिवगढ़ क्षेत्र में बन्दरों का खौफ, आए दिन घटती है दुर्घटनाएं
शिवगढ़, रायबरेली। क्षेत्र में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बन्दर से बचने के प्रयास में एक छात्रा जीने से गिरकर गम्भीर रूप से जख्मी हो गई। घटना शिवगढ़ नगर पंचायत के शिवली चौराहे पर स्थित एक किराए के मकान में हुई, जहां आरडीआरके पब्लिक स्कूल की कक्षा 2 की छात्रा आस्था अपने माता-पिता के साथ रहती है। रविवार को जब आस्था छत पर गई, तभी एक बन्दर ने उसे दौड़ा लिया। बंदर से बचने के प्रयास में वह जीने से लुढ़कते हुए नीचे गिर गई। हादसे में उसके पैर और कमर में गम्भीर चोटें आईं। ज़ख्मी छात्रा को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
छात्रा की मां रीता ने बताया कि बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने यह भी बताया कि इस इलाके में बंदरों का आतंक आम बात है और छत पर जाने पर वे अक्सर लोगों को दौड़ाते लेते हैं। यह घटना क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती समस्या की ओर इशारा करती है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। फॉरेस्टर संजय यादव ने बताया कि वन विभाग द्वारा बन्दर को पकड़ने का शासनादेश समाप्त कर दिया गया है। अब ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान, नगर पंचायत में नगर पंचायत बन्दरों को पकडवायेगी।

दबाव और प्रभाव में खब़र न दबेगी,न रुकेगी