Mahakumbh 2025: श्रद्धालुओं की संख्या फर्जी बताने पर भाजपा का पलटवार, अखिलेश को टेक्नोलॉजी पर भरोसा नहीं
श्री डेस्क : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव सनातनी नहीं बल्कि विशेष समुदाय के अनुयायी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि महाकुंभ में अब तक सात करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। यह आंकड़ा आधुनिक तकनीक के जरिये जारी हुए हैं। अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को देश की टेक्नोलॉजी पर भी भरोसा नहीं रहा। वे अपने बयान से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचा रहे हैं, जिसे सनातनी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में सपा सरकार में हुए कुंभ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। सरकार की अनदेखी की वजह से ही भगदड़ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। इस घटना को आज भी देशवासी और श्रद्धालु भुला नहीं सके हैं।
योगी सरकार में शांति और भव्य तरीके से महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। इसकी गूंज देश-दुनिया में सुनाई दे रही है, लेकिन अखिलेश यादव के कानों तक नहीं पहुंच रही। वह सनातनी नहीं बल्कि विशेष समुदाय के अनुयायी हैं, इसलिए उन्हें सारी चीजें फर्जी नजर आ रही हैं। अभी अखिलेश यादव के पास वक्त है। वह समय रहते संगम में स्नान करके अपने पापों को प्रायश्चित कर लें। वहीं अखिलेश यादव के नोटबंदी के बयान पर कहा कि इससे आज तक सपा उबर नहीं पाई है।
