ग्रामसभा की ज़मीन पर भूमाफियाओं का कब्ज़ा, प्रशासनिक चुप्पी से ग्रामीणों में आक्रोश
- सलोन तहसील के भटनौसा गाँव में ग्रामसभा की ज़मीन पर अवैध निर्माण, न्यायालय के आदेशों के बावजूद कार्रवाई शून्य
रायबरेली। भटनौसा गांव की ग्रामसभा ज़मीन (गाटा संख्या 171) पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्ज़ा कर लिया गया है। सरकारी अभिलेखों में यह ज़मीन ग्रामसभा की संपत्ति के रूप में दर्ज है, फिर भी स्थानीय स्तर पर कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों ने इसे अपने निजी स्वामित्व में दिखाने का प्रयास करते हुए अतिक्रमण कर लिया।
न्यायालय का आदेश भी पड़ा रह गया धूल खाता
2018 में न्यायालय ने आदेश संख्या 04569/2018 के तहत स्पष्ट रूप से इस भूमि को ग्रामसभा की संपत्ति घोषित किया। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई निर्णायक कार्रवाई अब तक नहीं हुई। यही नहीं, 24 जून 2024 को प्रशासन को अवैध कब्जा हटाने के निर्देश भी जारी किए गए, मगर वह आदेश भी सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित रह गया।
ग्रामीणों की गुहार, पर प्रशासन मौन
थक-हार कर पीड़ित पक्ष ने 15 जनवरी 2025 को जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी और 3 फरवरी 2025 को एक और पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा त्वरित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की निष्क्रियता से भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
संघर्ष की राह पर ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे। उनका यह भी कहना है कि ग्रामसभा की ज़मीन पर इस तरह की अवैध गतिविधियाँ न केवल क़ानून की अवहेलना हैं, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल
अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन कब तक इस गंभीर मसले पर आँख मूंदे बैठा रहता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह मामला स्थानीय राजनीति और जन आक्रोश का बड़ा कारण बन सकता है।
