कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पहले राष्ट्रपति को बताया राष्ट्रपत्नी, अब बोले मेरी चूक को भाजपा बना रही राय का पहाड़

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। भाजपा सांसदों ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी के विरोध में संसद में प्रदर्शन किया। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अधीर रंजन चौधरी के बयानों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्मृति ईरानी ने कहा कि जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ, तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अधीर रंजन चौधरी को अपनी गलती का अहसास हो गया और बैकफुट पर आ गए। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ के रूप में संबोधित किया, ये बेहद शर्मनाक है।

ये थे अधीर रंजन चौधरी के बेतुके बोल

संसद भवन परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा था, तभी पत्रकारों के सवाल पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया। एक पत्रकार ने पूछा था कि कल आप राष्ट्रपति भवन जा रहे थे, जाने नहीं दिया गया। इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि आज भी जाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद चौधरी ने कहा कि हिंदुस्तान की राष्ट्रपति सबके लिए है। हिंदुस्तान की ‘राष्ट्रपत्नी’ सबके लिए है। हमारे लिए क्यों नहीं। अब इसी को लेकर भाजपा अब हमलावर हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *