25 हजार का इनामिया हत्यारोपी गिरफ्तार
- अभियुक्त अजय सिंह पर सागर राणा की हत्या का आरोप
शिवगढ़,रायबरेली। पूरे चन्दी मजरे गुमावां हत्याकाण्ड मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामिया हत्यारोपी अजय सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गौरतलब हो कि बीती 5 फरवरी 2023 की सुबह शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावा चौकी अन्तर्गत पूरे चन्दी मजरे गुमावां में जौनपुर ब्रांच के समीप खेत में खून से लथपथ करीब 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाकर जांच पड़ताल कर रही थी।
वहीं पुलिस लगातार मृतक की शिनाख्त में जुटी थी। तभी बीते सप्ताह मंगलवार को मृतक युवक की पहचान सागर राणा पुत्र यशपाल राणा निवासी सुग्गा, थाना तरावली, जनपद करनाल हरियाणा के रूप में मृतक के परिजनों द्वारा की गई। बीते मंगलवार को पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए अभियुक्त विजय सिंह पुत्र इकबाल सिंह निवासी ग्राम नटकुर, थाना बिजनौर जनपद लखनऊ को घटना में प्रयुक्त सफारी कार व एक पिस्टल एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूछताछ में अभियुक्त विजय सिंह ने बताया था कि सागर राणा उसके साथ लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था। इसी दौरान मृतक सागर राणा की उसकी पत्नी से अवैध संबंध हो गए। जिसके बाद सागर राणा उसकी पत्नी को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे कई बार 10-10 हजार रुपए लेने के साथ ही लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
जिसके द्वारा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 3 लाख रुपये की मांग की गई तो उसकी पत्नी ने सारी बात उसे बता दी। जिसके बाद अभियुक्त विजय सिंह ने अपने साथी अजय सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी नटकुर, थाना बिजनौर, जनपद लखनऊ के साथ मिलकर सागर राणा को बहाने से शिवगढ़ थाना क्षेत्र के चन्दी का पुरवा मजरे गुमावां लाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अभियुक्त विजय सिंह को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं उसका साथी हत्यारोपी अजय सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह फरार चल रहा था। जिसको थानाध्यक्ष अरुणेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक त्रियुगी नारायण तिवारी, कांस्टेबल रजत यादव, सोनू शर्मा, महिला कांस्टेबल तान्या शुक्ला ने मुखबिर खास की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अरुणेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियुक्त अजय सिंह को जेल भेज दिया गया है।

दबाव और प्रभाव में खब़र न दबेगी,न रुकेगी










