संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावा पुलिस चौकी अन्तर्गत मानपुर मजरे अछई में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव साड़ी के फदें के सहारे जीने पर टिका मिलने से हड़कम्प मच गया‌। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। मृतका के मैके पक्ष ने ससुराली जनो पर हत्या का आरोप लगाया है। मानपुर मजरे अछई में बुधवार की सुबह करीब 7 बजे विवाहिता रेनू पत्नी अर्जुन उम्र 28 वर्ष का शव साड़ी के फंदे से जीने पर टिका मिला जिसकी खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। जैसे-जैसे लोगों को जानकारी हुई वैसे – वैसे लोगों का मजमा लगने लगा।

मृतका रेनू की फाइल फोटो

किन्तु विवाहिता की सास श्यामकली ने मृतका बहू रेनू के मायके पक्ष को मौत की सूचना देने के बजाया फोन कर बताया कि अपनी बेटी को ले जाओ हम लोगो को बहुत परेशान कर रही है।विवाहिता का पिता रामनरेश जब सुबह करीब 10 बजे बेटी की ससुराल पहुंचा तो देखा कि जीने पर छाया के लिए रखी गई मड़ैया में साडी के फंदे में लपेट कर उसकी बेटी के शव को जीने पर बैठाया गया था। साड़ी के सहारे जीने पर उसकी बेटी का शव टिका था। उसकी बेटी के शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिख रहे थे। विवाहिता के पिता ने जिसकी सूचना पुलिस और अपने परिवार वालों को दी, उधर सूचना पाकर मृतका के मायके पक्ष के काफी लोग मौके पर पहुंच गए।

मृतका रेनू की फाइल फोटो

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के शरीर पर कई जगह चोट के निशान व संदिग्ध परिस्थितियों में जीने पर मिले विवाहिता के शव को देखते हुए मौके पक्ष द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पिता रामनरेश का कहना था कि आए दिन मेरी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। मेरी बेटी की हत्या की गई है जिसमें इसका पति अर्जुन, सास श्यामकली, ससुर रामअवध, ननंद प्रिया शामिल है। इन लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

मृतका रेनू के शव को पीएम के लिए ले जाती पुलिस

थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या लग रही है मैंके पक्ष वालों की तहरीर के हिसाब से मुकदमा दर्ज किया जाएगा पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा।

सीओ ने लिया घटनास्थल का जायजा ! फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना पर पहुंचे महराजगंज क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह ने जहां घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया तो वहीं मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के पहुंचने से पहले मृतका का पति सास-ससुर और ननद हुई फरार

मृतका के पिता की सूचना पर मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतका का पति अर्जुन,सास श्यामकली, ससुर रामअवध, ननंद प्रिया मौके से फरार हो गई। पुलिस ने अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपी हाजिर नहीं हुए तो घर पर चलवाया जाएगा बुलडोजर

बेटी की हत्या की सूचना पर भारी संख्या में मृतका की ससुराल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों का बढ़ता आक्रोश देखकर थाना प्रभारी ने आक्रोशित मृतका के मायके पक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि मृतका के पति के साथ ही सास-ससुर और ननद 12 घंटे के अन्दर हाजिर नही हुए तो उनके घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाएगी।

7 वर्ष पहले हुई थी विवाहिता की शादी

7 वर्ष पहले रानीपुर थाना जामो, जनपद अमेठी निवासी रामनरेश ने अपनी बेटी रेनू की शादी मानपुर मजरे अछई निवासी रामअवध के बेटे अर्जुन से की थी। ग्रामीण बताते हैं कि अर्जुन ने रेनू से तीसरी शादी की थी।

परिजनों का रो रोकर बुराहाल

इससे पहले उसने दो शादियां की थी, जिनको छोड़ने के बाद तीसरी शादी रेनू से की थी। मृतका रेनू के दो बेटे भी हैं, बड़ा बेटा अनुराग 5 साल व छोटा बेटा अमृतलाल 2 साल का है। मां की मौत से दोनों मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां,पिता,बहन व मैके पक्ष के लोग फफक-फफक रोने के साथ ही पुलिस से कठोर से कठोर कार्यवाही की मांग कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *