जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी से मिले निरहुआ, भेंट की धनुर्धर भगवान राम की प्रतिमा

आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। नवनिर्वाचित सांसद निरहुआ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धनुर्धर भगवान राम की प्रतिमा भी भेंट की। निरहुआ के साथ उनके भाई और भोजपुरी कलाकार प्रवेश लाल यादव व अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के बाद निरहुआ महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मुलने बीजेपी मुख्यालय पहुंचे।

निरहुआ ने आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को 8 हजार से अधिक मतों से हराया। जीत के बाद निरहुआ ने कहा कि यह आजमगढ़ की जनता की जीत हैं। आजमगढ़ वालों ने कमाल कर दिया। आजमगढ़ में कमल खिला दिया है। वह अपने करीब दो साल के कार्यकाल में जितना हो सकेगा उतना विकास के लिए कार्य करेंगे।

गौरतलब है कि आजमगढ़ उपचुनाव में सपा के अलावा बसपा ने भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा था। बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली ने ढाई लाख से अधिक वोट हासिल कर उन्होंने धर्मेंद्र यादव का खेल ख़राब कर दिया। वही आजमगढ़ में निरहुआ की जीत को बीजेपी बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रही है। रामपुर और आजमगढ़ में जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तो यहां तक दावा कर दिया कि यह जीत ऐतिहासिक है और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी सभी 80 सीटों पर कब्ज़ा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *