आंगनबाड़ी केंद्रों पर नई शिक्षा नीति के तहत होगी पढ़ाई

रिपोर्ट – उपेंद्र शर्मा 

  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

बुलंदशहर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुलदीप मीणा ने कहा – अब नई शिक्षा नीति के तहत प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को अमल में लाया जाएगा। निपुण लक्ष्य के अनुरूप बच्चों में गणितीय संकल्पना और अक्षर ज्ञान प्रारंभिक अवस्था से ही विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी मंगलवार को सीडीओ सभागार में आंगनबाड़ी केंद्रों पर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) के तहत आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा- आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्कूल पूर्व शिक्षा के लिए आने वाले तीन से छह वर्ष तक के बच्चों का संपूर्ण विकास (जैसे- उनका शारीरिक विकास, मानसिक विकास, भाषा का विकास, रचनात्मक विकास एवं संज्ञानात्मक विकास) के लिए प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) बहुत जरूरी है। अब सुपरवाइजर अपने ब्लॉक स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे, जिसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों की शिक्षा में बदलाव किया जाएगा।
कार्यवाहक जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम बाजपेई ने बताया जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, समस्त मुख्य सेविका एवं प्रत्येक परियोजना की तीन-तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मास्टर ट्रेनर के रूप में चयनित किया गया। उन्हें पहले पुस्तिका के मॉड्यूल के अनुसार एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात जनपद की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसी तरह परियोजना स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसी क्रम में बच्चों को खेल-खेल में कहानी सुना कर, भाव गीत के माध्यम से भाषाई एवं अन्य समझ का विकास किया जाएगा। निपुण लक्ष्य के अनुरूप बच्चों में गणितीय संकल्पना प्रारंभिक अवस्था से ही विकसित करना तथा उनके भाषाई कौशल को संवर्धित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी कुलदीप मीणा व कार्यवाहक जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम वाजपेयी ने संयुक्त रूप से किया।  इस अवसर पर रविकांत डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, समर्थ शर्मा, समस्त मुख्य सेविकाओं एवं चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *