● सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव का हुआ भव्य स्वागत
● पूर्व सीएम अखिलेश सिंह यादव द्वारा चलाई गई 108,102 एंबुलेंस न होती तो न हो पाता इलाज
अंगद राही
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के नव नियुक्त वीरेंद्र यादव का शिवगढ़ क्षेत्र के ओसाह स्थित सपा कार्यालय में ऊंचाहार विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, सपा के बछरावां विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज की अगुवाई में बुके देकर फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रेस वार्ता करते हुए डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव जी ने वीरेंद्र यादव को रायबरेली का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस अपेक्षा से नियुक्त किया है कि रायबरेली में सपा को नई मजबूती देंगे।

सारे लोगों को एक साथ लेकर चलेंगे और समाजवादी पार्टी का विस्तार प्रत्येक जाति और संप्रदाय तक करेंगे। पार्टी में युवाओं की सहभागिता दर्ज कराएंगे। डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर कदम पर विफल है। भाजपा सरकार लॉकडाउन प्रभावित परिवारों को 500 रुपए देने मदद की बात करती,500 में क्या एक माह की खानगी चल सकती है। देश के उज्जवल भविष्य का सपना देखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव द्वारा चलाई गई 108, 102 एंबुलेंस नहीं होती तो इस कोरोना संकटकाल में लोगों का इलाज ना हो पाता। सपा सरकार द्वारा चलाई गई डायल यूपी हंड्रेड से सबसे ज्यादा लोगों को मदद मिली है। अगर पहली बार किसी ने गरीब और मजदूरों के बच्चों के हाथों में लैपटॉप देने का काम किया है, सपा सरकार ने किया है। लैपटॉप, लोहिया आवास, समाजवादी पेंशन देते समय सपा ने किसी से जाति और संप्रदाय नही पूछा।
खुद बचें और दूसरों को बचाएं

डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि कोविड-19 एक वैश्विक महामारी है वर्तमान समय में पूरा विश्व संकट में है। जिससे देश के साथ ही उत्तर प्रदेश और रायबरेली भी कोरोना महामारी से ग्रसित। श्री पांडेय ने सभी से अपील करते हुए कहा कि इस कोरोना महामारी को लेकर जो लड़ाई लड़ी जा रही है उसमें सभी लोग सहयोग करें,खुद बचें और दूसरों को बचायें। जब भी घर से बाहर निकले मास्क लगाकर निकले, बिना आवश्यक काम के घर से बाहर बिल्कुल ना निकले। भारत सदियों-सदियों से मानवतावादी देश रहा है गरीबों जरूरतमंदों एवं असहायों की मदद करें। श्री पांडेय ने कहा कि इस कोरोना संकटकाल में हमारे सपा कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में जगह – जगह कैंप लगाकर प्रवासी श्रमिकों को भोजन और लंच पैकेट वितरित करने का काम किया है। सपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खाने और रहने की व्यवस्था की गई। यहां तक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उस बेटी को भी एक लाख रुपए देकर उसका हौसला बढ़ाया जिसने अपने 70 साल के बूढ़े पिता को 580 किलोमीटर साइकिल पर बिठाकर सफर तय किया। यही नही लगभग 97 लोगों को एक एक लाख रुपए की सहायता राशि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने विपक्ष में रहते हुए देने का काम किया। हम सब उनके कार्यकर्ता हैं हमारे द्वारा 17000 लोगों के रहने खाने और उनके घर आने की व्यवस्था की गई। जरूरतमंद 15000 लोगों को सूखे लंच के पैकेट बांटे गए। लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों के घर राशन सामग्री की किटें वितरित कराई गई। जरूरतमंदों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित कराए गए। यही नही लोगों की इलाज में लगातार सहायता की जा रही है। श्री पाण्डेय ने सभी से अपील करते हुए कि इस समय सभी लोग जाति धर्म से ऊपर उठकर लोगों की मदद करें।
भाजपा ने किया मानवता को शर्मसार : वीरेंद्र यादव

सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस सरकार ने कुछ नही किया है अगर कुछ किया है तो झूठ बोला है धोखा दिया है। मानवता को शर्मसार किया है। आज कोरोना महामारी से पूरी दुनिया में लोग परेशान हैं लोग रोटी के लिए परेशान है। लोगों का रोजगार चौपट हो चुका है। सरकार कहती है आत्मनिर्भर बनो कैसे आत्म निर्भर बनो कर्जा लेकर आत्मनिर्भर बनो। जबकि कर्जा का मतलब होता है दूसरे से सहायता लेना और आत्मनिर्भर होने का मतलब है स्वयं पर निर्भर। जब कर्जा लेकर काम करेंगे तो आत्मनिर्भर कैसे होंगे। भाजपा सरकार आत्मनिर्भरता के नाम पर धोखा देने का काम करती है। वीरेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूर्ण रूप से निभाने की कोशिश करेंगे। वहीं पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने कहा कि कोरोना संकटकाल में भाजपा ने मानवता को शर्मसार कर दिया। पूर्व विधायक श्यामसुंदर भारती ने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने दिहाड़ी मजदूरों की उपेक्षा की है उसका खामियाजा अवश्य भुगतना पड़ेगा।
2022 के चुनाव में सभी सीटों पर लहराएगा सपा का परचम : राकेश त्रिवेदी
सपा विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महराज ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि 2022 के चुनाव में रायबरेली की सभी विधानसभा सीटों पर सपा का परचम लहराएगा। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार त्रिवेदी, शिव शंकर वर्मा, शकील मंसूरी, हेमंत कुशवाहा, संजय मोहन त्रिवेदी, मनोज कुमार त्रिपाठी सहित लोग मौजूद रहे।