मठ में धूमधाम से मनाई गई भगवान धन्वंतरि की जयंती

  • संकट मोचन आश्रम के स्थापना दिवस पर हुआ विशाल भण्डारे का आयोजन

शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के मठ गोसाईं मजरे दहिगवां स्थित संकटमोचन आश्रम एवं श्याम जन कल्याण समिति परिसर में गत वर्षो की भांति धूमधाम से भगवान धन्वंतरि जयंती एवं आश्रम का स्थापना दिवस मनाया गया। भगवान धन्वंतरि जयंती के पावन अवसर पर प्रातः 4 से 6 बजे तक सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन एवं सुबह 10 बजे से 2 बजे तक प्राकृतिक चिकित्सा पर गोष्ठी व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन पूजन किया गया।

हवन पूजन बाल ब्रह्मचारी अश्वनी कुमार जी महाराज एवं उनके शिष्यों द्वारा कराया गया। हवन पूजन के पश्चात विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें पूण्य की लालसा से दूरदराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने आश्रम में परिक्रमा कर संकट मोचन आश्रम में माथा टेक कर प्रसाद छककर मनोकामनाएं मांगी।

आश्रम की स्थापना दिवस एवं भगवान धन्वंतरि की जयंती के पावन अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी आधा दर्जन से अधिक दम्पतियों ने अपनी संतानों का मुण्डन कराया। आश्रम में मुण्डन कराने आए दम्पतियों ने बताया कि शादी के कई वर्षों बाद तक जब उन्हें सन्तान की प्राप्ति नहीं हुई और कई जगह इलाज करा कर थक हार चुके तो लोगों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने यहां आश्रम में आकर अपना इलाज शुरू किया।

आश्रम के वैद्य गुरु एसएल शास्त्री द्वारा दी गई चमत्कारी दवाओं से आज उनकी गोद में बचपन खिलखिला रहा है। श्याम जन कल्याण समिति के सचिव एवं नाड़ी विशेषज्ञ, आयुर्वेदाचार्य, ऋग्वेदाचार्य वैद्य गुरु एस.एल.शास्त्री ने कार्यक्रम में आए बाल ब्रह्मचारी अश्वनी जी महाराज का माल्यार्पण करते हुए उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर दुर्गेश शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, वैद्य कृष्ण कुमार, वैद्य राजकुमार , अशोक कुमार मौर्या सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ भण्डारा देर रात तक खबर लिखे जाने तक चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *